खरसिया नगर पालिका चुनाव: उमेश पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, अध्यक्ष पद के लिए रमेश अग्रवाल ने भरा नामांकन

खरसिया में कांग्रेस की जोरदार रैली, उमेश पटेल बोले—जनता का आशीर्वाद फिर मिलेगा
खरसिया नगर पालिका चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन कांग्रेस ने पूरे जोश और उत्साह के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद कांग्रेस की विशाल रैली निकाली गई, जिसमें अध्यक्ष पद के प्रत्याशी **रमेश अग्रवाल**, सभी **18 वार्डों के पार्षद प्रत्याशी**, कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन शामिल हुए।
रैली ऐतिहासिक **शहीद नंद कुमार पटेल स्मारक स्थल** पहुंची, जहां खरसिया विधायक **उमेश पटेल** ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस विपक्ष में रहते हुए भी जनता की सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए भी और अब विपक्ष में रहते हुए भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है। उमेश पटेल ने कहा, **”जिस तरह क्षेत्र की जनता ने मेरे पिता शहीद नंद कुमार पटेल और मुझे स्नेह और समर्थन दिया है, उसी तरह इस बार भी कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों को आशीर्वाद मिलेगा।”**
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने **”कांग्रेस जिंदाबाद”, “उमेश पटेल जिंदाबाद”** के नारे लगाए, जिससे माहौल पूरी तरह से चुनावी जोश से भर गया।
इसके बाद उमेश पटेल के नेतृत्व में **अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रमेश अग्रवाल और सभी पार्षद प्रत्याशियों** ने तहसील कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जन समर्थन को देखते हुए यह साफ है कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ यह चुनाव लड़ने जा रही है।

संपादक – जनबन्धु समाचार